नई दिल्ली। आज रात 12 बजे से 500 रुपये के पुराने नोट का इस्तेमाल पूरी तरह बंद हो जाएगा। अब तक अस्पताल, पेट्रोल पंप, मोबाइल रिचार्ज, रेलवे यात्रा में 500 के पुराने नोट चल रहे थे, लेकिन आज रात 12 बजे के बाद से ये पूरी तरह अमान्य हो जाएंगे। इससे पहले इन जगहों पर 1000 रुपये के नोट पूरी तरह बंद कर दिए गए थे।
लेकिन अगर आपके पास 500 के नोट हैं तो घबराएं नहीं, ये नोट बैंक में जमा किए जा सकते हैं। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने ट्वीट कर बताया कि 500 रुपये के पुराने नोट 15 दिसंबर की मध्यरात्रि से बंद हो जाएंगे। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि पुराने 500 रुपये के नोट के उपयोग को लेकर मिली छूट 15 दिसंबर की मध्यरात्रि से समाप्त हो जाएगी।
बता दें कि अभी तक 500 रुपये के पुराने नोट दवा की दुकानों और जन-उपयोगी सेवाओं के भुगतान करने के लिए मान्य थे। इसके अलावा, 500 के पुराने नोट सरकारी पेट्रोल पंप, सरकारी बसों, मेडिकल स्टोर, श्मशान घाट, बिजली का बिल जमा करने में, सहकारी स्टोर, एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशन पर टिकट और पास बनाने के लिए इस्तेमाल हो रहे थे।
इससे पहले सरकार रेलवे या विमान टिकटों और पेट्रोल पंपों पर भुगतान और टोल प्लाजा पर पुराने 500 रुपये के नोट से भुगतान की छूट को वापस ले चुकी है। बता दें कि सरकार ने आठ नवंबर को 500 और 1,000 रुपये के नोटों पर पाबंदी लगाते हुए पहले 72 घंटों तक उपयोगी सेवाओं के बिलों के भुगतान के लिए पुराने नोटों के उपयोग की अनुमति दी थी। बाद में इस समय- सीमा को बार- बार बढ़ाया गया और अंतिम बार छूट 15 दिसंबर तक दी गई।

EmoticonEmoticon