मुंबई। वानखेड़े मैदान पर खेले जा रहे मैच में कप्तान स्वप्निल गुगाले और अंकित बावने ने रणजी इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप करते हुए दिल्ली को बैकफुट पर ला दिया। कप्तान और ओपनर स्वप्निल गुगाले ने तिहरा शतक लगाया। उन्होंने 521 गेंदों का सामना कर नॉट आउट 351 रन (37 चौके, 5 छक्के) ठोके, जबकि अंकित बावने ने 500 गेंदों में 258 रन (18 चौके, 2 छक्के) की नाबाद पारी खेली। उन दोनों की इस रिकॉर्ड पारियों की बदौलत महाराष्ट्र ने 2 विकेट पर 635 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की।
टूटा 70 साल पुराना रिकॉर्ड
स्वप्निल गुगाले और अंकित बावने के बीच तीसरे विकेट के लिए 594 रन की पार्टनरशिप हुई। ये रणजी इतिहास में किसी भी विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी है। इन दोनों ने विजय हजारे और गुल मोहम्मद के 1946-47 में बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा। हजारे और गुल ने बड़ोदा की ओर से होल्कर के खिलाफ चौथे विकेट के लिए 577 रन की पार्टनरशिप की थी। ये मैच सेंट्रल कॉलेज ग्राउंड, बड़ोदा में खेला गया था।
ऐसे बनाया दिया रिकॉर्ड
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी महाराष्ट्र की टीम ने दो विकेट 41 रन पर ही गंवा दिए थे। हर्षद खादिवाले 10 और चिराग खुराना 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद स्वप्निल गुगाले और अंकित बावने बैटिंग करने उतरे। इन दोनों ने संभलकर खेलना शुरू किया। जमने के बाद दिल्ली के हर बॉलर को मनचाहे ढंग से ग्राउंड के चारों ओर शॉट लगाकर जमकर रन जुटाए।

EmoticonEmoticon