Friday, 7 October 2016

अंतिम टेस्ट कल से: कोहली की नजर 'क्लीन स्वीप' पर

 टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट इंदौर में कल से खेला जाएगा। भारतीय टीम कानपुर और कोलकाता में खेले गए दोनों मुकाबलों में मेहमान टीम को हराकर सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त ले चुकी है। अब इंदौर में विराट की टीम क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी। सबसे बड़ी बात ये है कि होल्कर स्टेडियम में टीम इंडिया अभी तक कोई मैच नहीं हारी है। 4 वनडे खेले और सभी जीते हैं।
गौतम गंभीर का इंतजार होगा खत्म!
इस मैच के लिए गौतम गंभीर का खेलना पक्का माना जा रहा है, क्योंकि ओपनर शिखर धवन और लोकेश राहुल चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए हैं। इनके अलावा शार्दुल ठाकुर को भुवनेश्वर कुमार की जगह प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। बता दें कि शार्दुल को वेस्टइंडीज दौरे के लिए भी चुना गया था, लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके थे।
कोलकाता की तरह होगी पिच
इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम की पिच कोलकाता की ही तरह मानी जा रही है। इसका मतलब ये पिच फास्ट बॉलिंग और स्पिनर्स दोनों को सपोर्ट करेगी। कोलकाता टेस्ट में इंडिया के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 6 और मोहम्मद शमी ने भी 6 विकेट लिए थे।
रिकॉर्ड कर रहा विराट का इंतजार
विराट अगर इंदौर टेस्ट जीत लेते हैं तो बतौर कप्तान सबसे अधिक टेस्ट मैच जीतने के मामले में पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और नवाब पटौदी को पीछे छोड़ देंगे। वहीं, भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में चौथे नंबर पर पहुंच जाएंगे। महेंद्र सिंह धोनी इस मामले में टॉप पर हैं। विराट ने अब तक 16 टेस्ट में कप्तानी की, जिसमें 9 जीते और 2 हारे, जबकि पांच मैच ड्रॉ रहे।


EmoticonEmoticon