Friday, 14 October 2016

ये हैं टीम इंडिया के पांच मिसाइल, कर देंगे न्यूजीलैंड को नेस्तनाबूद!

नई दिल्ली। पटाखा सीरीज, जी हां यही नाम रखा है हमने भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का, क्योंकि क्रिकेट के इस फॉर्मेंट में दोनों टीमों में बारूद बराबरी का है और मैदान पर आतिशबाजी की गांरटी है। मिलिए टीम इंडिया के आतिशबाजों से।
धोनी का रॉकेट लांचर
अगर बल्लेबाजी बात करें तो रॉकेट लांचर की तरह ही उनके शॉट्स मैदान के बाहर गिरते हैं। हालांकि धोनी के बल्ले से शतक निकले हुए काफी वक्त हो गया है लेकिन पिछली घरेलू सीरीज में भारतीय कप्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 92 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।
कोहली - नाम ही काफी है
विराट कोहली का नाम ही काफी है। टीम इंडिया का ये खिलाड़ी तो मैदान पर अनार की तरह रोशनी फेंकता है और चारो तरफ इसके शॉट्स जगमगाते हैं। पिछली 2 वनडे सीरीज में कोहली के नाम 3 सेंचुरी हो चुकी हैं और उनकी मौजूदा फॉर्म न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी पारी की गारंटी है। विराट ने इस साल 5 वनडे में 76.20 की औसत से 381 रन बनाए हैं जिसमें 2 शतक के साथ 2 अर्धशतक हैं।
रोहित बम
टीम इंडिया का ये ओपनर जब अपने बल्ले से ब्लास्ट करता है तो विरोधी टीम के लिए रन गिनना मुश्किल हो जाता है। वनडे में दो दोहरे शतक जड़ चुके रोहित के तूफान को घरेलू मैदान पर रोकना तो लगभग नामुमिकन है। इस साल 110 की औसत से 441 रन बना चुके रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला शतक लगाने के लिए बेकरार हैं।
रहाणे फुलझड़ी
अजिंक्य रहाणे आतिशबाजी में उस फुलझड़ी की तरह है जो धमाका तो नहीं करती लेकिन रोशनी में उसका कोई जोड़ नहीं है। टीम इंडिया के अगर शुरुआती पटाखे मिस भी हो जाए तो रहाणे क्रीज पर जमे रहकर विरोधी टीम की नींद उड़ा सकते हैं। टीम इंडिया का ये बल्लेबाज घरेलू जमीं पर पहला शतक लगाने को बेकरार है।
मिश्रा चक्री
अगर न्यूजीलैंड की टीम ये सोच रही है कि आर अश्विन की गैरमौजूदगी में उनके बल्लेबाजों को नचाने वाला कोई नहीं है तो ये मेहमान टीम की सबसे बड़ी भूल होगी। अश्विन, जडेजा के न खेलने के बावजूद अमित मिश्रा अकेले ही किवी टीम के लिए काफी हैं। टीम इंडिया का ये लेग स्पिनर अपने फिरकी चक्र में न्यूजीलैंड को कभी भी फंसा सकता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं खेलने वाले मिश्रा इसी टीम के खिलाफ वनडे का 50वां शिकार करने को बेताब हैं।
इधर, वनडे सीरीज के लिए तैयार किवी टीम ने अपने बारुद को फिर से तरो ताजा करना शुरू भी कर दिया है। इस टीम में जो पटाखे हैं वो टीम इंडिय़ा के किले में आग लगाने के लिए तैयार बैठे हैं।
विलियम्सन रॉकेट
मौजूदा क्रिकेट जगत में एक संपूर्ण बल्लेबाज की जो छोटी सी लिस्ट है उसमें केन विलियम्सन का नाम काफी ऊपर है। सही मायने में कहें तो विलियमसन किवी टीम के विराट कोहली ही हैं। पिच पर हमेशा शांत स्वभाव दिखाने वाले विलियम्सन अपने जिगर में कितने शोले रखते हैं ये दुनिया के सभी गेंदबाज जानते हैं। 93 मैचों में 3666 रन बनाने वाले विलियम्सन का वनडे में औसत 47 का है।
गप्टिल गोला बम
मार्टिन गप्टिल वो गोला बम हैं जो या तो फुस होता है या सीधा कान फाड़ देता है। टीम इंडिया के पास अगर डबल सेंचुरियन रोहित है तो न्यूजीलैंड टीम मार्टिन गप्टिल जैसा धमाका बम अपने पास रखती है। वर्ल्ड कप में खेली गई उनकी 237 रनों की पारी को आखिर कौन भूल सकता है।
बोल्ट लड़ी
ट्रैंट बोल्ट, दुनिया का नंबर 1 वनडे गेंदबाज जो एक बार फटना शुरू हुआ तो फिर किसी में दम नहीं उसे रोक ले। बोल्ट की खासियत ही यही है कि वो एक साथ कई विकेट ले जाते हैं।
टेलर अनार
जलते वक्त एक अनार का कद जितना ऊंचा होता है, विश्व क्रिकेट में रॉस टेलर का भी वही है और अपने अच्छे दिन पर वो अनार की तरह ही टीम के स्कोर को टॉप पर ले जाते हैं। किवी टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज टेलर को थामना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी है क्योंकि भारतीय़ परिस्थितिओं में खेलने का उन्हें लंबा अनुभव है।
एंडरसन फुलझड़ी
कोरी एंडरसन फिलहाल विश्व क्रिकेट के सबसे विध्वंसक बल्लेबाजों में से एक हैं। वनडे में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले एंडरसन किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर धमाल मचा सकते हैं। वनडे में 114.80 का स्ट्राइक रेट एंडरसन की क्षमता बताने के लिए काफी है।
तो ये वो सभी किवी बम हैं जिनसे टीम इंडिया को सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि अगर आगामी वनडे सीरीज में ये फटे तो फिर असली दिवाली यही मनाएंगे।


EmoticonEmoticon